Type Here to Get Search Results !

सरिता सिंह ने स्वर्ण के साथ बनाया हैमर थ्रो में राष्ट्रीय रिकॉर्ड



जयपुर। उत्तर प्रदेश की सरिता सिंह ने गुरुवार को 21वीं फेडरेशन कप नेशनल सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में महिलाओं की हैमर थ्रो स्पर्धा में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक जीता। सरिता ने 65.25 मीटर तक तार गोला फेंका।

इस स्पर्धा का पिछला राष्ट्रीय रिकॉर्ड मंजू बाला (62.74 मी.) के नाम दर्ज था, जो उन्होंने 2014 में बनाया था। सरिता का पिछला सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 61.81 मी. का था जो उन्होंने 2016 में किया था। इस प्रतिस्पर्धा में गुंजन सिंह (61.95 मी.) दूसरे, जबकि निधि कुमार (57.99 मी.) तीसरे स्थान पर रहीं।

प्रतियोगिता के पहले दिन महिलाओं की शॉटपुट स्पर्धा में भी रिकॉर्ड बना। राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी पंजाब की मनप्रीत कौर ने 17.04 मीटर तक गोला फेंककर हरबंस कौर का 1997 में चेन्नई में बनाया 16.94 मीटर का रिकॉर्ड तोड़ दिया। मनप्रीत ने अपना दबदबा बनाए रखा और दूसरे स्थान पर रहीं पंजाब की ही रमनप्रीत (14.67 मी.) से दो मीटर आगे रहीं।

केरल की आर अनु ने महिलाओं की 400 मीटर बाधा दौड़ का मीट रिकॉर्ड तोड़ा। अनु ने 57.39 सेकेंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक जीता। दूसरे स्थान पर रही ओडिशा की जौना मुर्मू ने भी मीट रिकॉर्ड से बेहतर समय निकाला। उन्होंने 57.51 सेकेंड में दौड़ पूरी की। कर्नाटक की अर्पिता एम (57.64 सेकेंड) ने कांस्य पदक जीता।

इससे पहले सुबह के सत्र में तमिलनाडु के एल सूर्या और उनके भाई जी लक्ष्मनन ने क्रमश: महिलाओं और पुरुषों की 5000 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीते।

सूर्या ने 15:54.78 सेकेंड का समय निकाला, जबकि लक्ष्मनन ने 14:02.90 सेकेंड का समय दर्ज कराया। महिलाओं में महाराष्ट्र की संजीवनी दूसरे और महाराष्ट्र की ही मोनिका अठारे तीसरे स्थान पर रही। पुरुषों में गुजरात के मुरली कुमार ने दूसरा और उत्तराखंड के सुरेश कुमार ने तीसरा स्थान हासिल किया। विजेताओं को ओडिशा में जुलाई में होने वाली एशियन एथलेटिक मीट का टिकट मिलेगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Below Ad